हाईस्कूल व इंटर के अभ्यर्थियों के लिए जारी की गई समय-सारिणी
महराजगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2022 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा को लेकर व्यक्तिगत व संस्थागत अभ्यर्थियों के लिए समय-सारिणी जारी कर दी है। संस्थान के जिम्मेदारों से घोषित कार्यक्रम के तहत प्रकियाओं को पूरा कराने को कहा गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जो समय-सारिणी बनाई गई है। उसके मुताबिक संस्थान को 15 सितंबर तक विद्यार्थियों को हाईस्कूल व इंटर में प्रवेश लेना तथा परीक्षा शुल्क प्राप्त करना है। अर्ह छात्र-छात्राओं से प्राप्त शुल्क को 22 सितंबर तक एकमुश्त चालान के माध्यम से कोषागार में जमा किया जाएगा। संस्था के प्रधान द्वारा कोषागार में जमा किए गए परीक्षा शुल्क की सूचना तथा अभ्यर्थियों के शैक्षिक विवरण को परिषद की वेबसाइट पर छह अक्तूबर की रात 12 बजे तक अपलोड करना होगा।
संस्थान को 29 सितंबर तक 100 रुपये प्रति विलंब शुल्क के साथ कोषागार में शुल्क को जमा कराना होगा। विलंब शुल्क के साथ जमा परीक्षा शुल्क की सूचना तथा विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरण को वेबसाइट पर आनलाइन अपलोड करने की अंतिम तिथि नौ अक्तूबर को रात 12 बजे तक निर्धारित है। आनलाइन अपलोड विद्यार्थियों के विवरण का चेक लिस्ट प्राप्त कर संस्था के प्रधान द्वारा जांच की अवधि 10 से 13 अक्तूबर तक निर्धारित है। 14 से 20 अक्तूबर को रात 12 बजे तक किसी प्रकार का संशोधन किया जा सकता है। संस्था के प्रधान द्वारा पंजीकृत अभ्यर्थियों के फोटोयुक्त नामावली को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करने तथा परिषद कार्यालय को भेजने की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर निर्धारित है। शिक्षण संस्थानों के जिम्मेदार समयसारिणी के मुताबिक प्रक्रिया को पूरा कराएं।