ठूठीबारी। सख्ती के बाद भी बॉर्डर पर तस्करी नहीं रुक रही है। आए दिन तस्करी के सामान के साथ आरोपी पकड़े जा रहे हैं। मंगलवार को इंडो नेपाल बॉर्डर पर तैनात 22वीं वाहिनी एसएसबी के जवानों ने पिलर संख्या 504/9 के पास से नेपाल से भारत लाई जा रही तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली कबाड़ बरामद कर लिया। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कस्टम ठूठीबारी के सुपुर्द कर दिया।
बीओपी इंचार्ज दिनेश विश्वास ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी की नेपाल से बड़ी मात्रा में तस्करी कर कबाड़ भारत लाया जा रहा है। सूचना पर 22 वीं वाहिनी एसएसबी के जवानों की स्पेशल टीम ने इंडो नेपाल बॉर्डर पर चेकिंग शुरू कर दी। तभी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नौनिया के पास से तीन ट्रैक्टर-ट्राॅली पर लदी स्टील स्क्रैप 20 क्विंटल, प्लास्टिक स्क्रैप 22 क्विंटल व बियर की बोतल 16 क्विंटल बरामद कर लिया। साथ ही दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम अरुण व राम केवल निवासी नवल परासी नेपाल बताया। पकड़े गए कबाड़ नेपाल से अवैध तस्करी के जरिए भारतीय सीमा क्षेत्र में लाई जा रही थी। बरामद किए गए सभी सामानों को ठूठीबारी कस्टम को सुपुर्द कर दिया गया।