फरेंदा। आनंदनगर कस्बे के औद्योगिक नगर वार्ड नंबर 7 में बंद मकान का ताला तोड़कर चोर आभूषण समेत लाखों रुपये की नकदी उड़ा ले गए। तहरीर मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सिद्धार्थनगर जनपद के लोटन निवासी जगदीश प्रसाद मिश्र नगर पंचायत आनंदनगर के औद्योगिक नगर वार्ड नंबर 7 में मकान बनवा कर रहते हैं। 20 फरवरी को परिवार के साथ किसी कार्य से दिल्ली गए थे। पड़ोसियों से सूचना मिली कि उनके घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है। जब वह घर लौटे तो मकान के अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। घर के अंदर अलमारी व बॉक्स का ताला टूटा था। जिसमें रखा सामान कमरे में बिखरा था। वहीं जेवरात एवं नकदी चोरी हो गई थी। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सीओ अनिरूद्ध कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच जा रही है।