ग्राहक सेवा केंद्र से लैपटॉप व दो लाख रुपये चोरी, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
नौतनवां। थाना क्षेत्र की ग्राम सभा दुर्गापुर चौराहा पर स्थित ग्राहक सेवा केंद्र में शुक्रवार की रात चोरी हो गई। चोर दो लाख रुपये, लैपटॉप आदि आवश्यक कागजात उठा ले गए। शनिवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित अवधेश यादव एवं ग्रामीण चौराहे पर प्रदर्शन किया। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने जल्द पर्दाफाश का आश्वासन देते हुए लोगों को शांत कराया। मामले में संचालक अवधेश यादव ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
नौतनवां थाना क्षेत्र के दुर्गापुर टोला बेनीपुर निवासी अवधेश यादव दुर्गापुर चौराहे पर यूनियन बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। शुक्रवार की रात वह केंद्र बंदकर घर चले गए। देर रात चोरों ने पीछे का दरवाजा तोड़ दिया और चोरी की घटना को अंजाम दिया। शनिवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर वह मौके पर पहुंचे। उनके अनुसार, कैश काउंटर से 2 लाख 14 हजार 350 रुपये, एक लैपटॉप, बैंक एवं उनके व्यक्तिगत कई दस्तावेज चोरी हुए हैं।
थाने का घेराव करने के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
नौतनवां। थाना क्षेत्र के दुर्गापुर चौराहे पर स्थित ग्राहक सेवा केंद्र पर शुक्रवार की रात हुई चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए शनिवार की सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण नौतनवां थाने पर पहुंच गए। लोग मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। अंत में पुलिस के मुकदमा दर्ज करने के आश्वासन पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ और लोग अपने घर लौटे। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक अवधेश यादव की तहरीर पर चोरी का मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रुदलापुर चौराहे पर ग्राहक सेवा केंद्र में हुई चोरी
कोल्हुई। थाना क्षेत्र के रुद्रपुर चौराहे पर बड़ौदा यूपी बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र समेत चार दुकानों में शुक्रवार की रात चोरी हो गई। ग्राहक सेवा केंद्र से 84,200 रुपये, लैपटॉप आदि चोरी हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, रुदलापुर चौराहे पर राजीव कुमार एवं अनिल कुमार बड़ौदा यूपी बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। शुक्रवार की रात दोनों केंद्रों में चोरी हो गई। वहीं, अमरनाथ वर्मा की आभूषण की दुकान व राधेश्याम की किराने की दुकान में भी चोरी हो गई। चोरी की घटना से व्यापारी समेत अन्य लोगों में दहशत है। थानाध्यक्ष कोल्हुई अजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम जांच में जुटी है। जल्दी घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। संवाद