3.92 करोड़ से चकाचक होंगी जिले की छह सड़कें
- सीमा क्षेत्र विकास योजना के तहत होगी मरम्मत
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सीमा क्षेत्र विकास योजना के तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की छह सड़कों की दशा सुधारने के लिए कार्य किए जाएंगे। सड़कों की दशा सुधरने से जहां आमजन व राहगीरों को यात्रा में सहूलियत होगी, वहीं धन से समय दोनों की भी बचत हो सकेगी।
जिले के सीमावर्ती स्थलों पर बहुत ऐसी सड़कें हैं, जिस पर यात्रा करना आसान नहीं है। खराब मार्ग पर जहां आवागमन में अधिक समय लगता है। वहीं दुर्घटना का भी डर बना रहता है। ऐसे में किसी प्रकार की मुश्किलों से बचने के लिए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने सीमा क्षेत्र विकास योजना के तहत छह सड़कों की दशा को सुधारने का निर्णय लिया है। छह सड़कों की दशा सुधारने के लिए जहां कुल 6.85 किलोमीटर सड़क बनेगी, वहीं उस पर तीन करोड़ 92 लाख 44 हजार रुपये भी खर्च होंगे। अधिशासी अभियंता केएस प्रताप ने कहा कि जिले में बीएडीपी से छह सड़कों की दशा सुधारने की स्वीकृति मिली है। इससे आमजन के साथ- साथ राहगीरों की मुश्किल कम होगी।
इन छह सड़कों की सुधरेगी स्थिति
1- 81.21 लाख से हरैया पंडित से धुसवा तक एक किलोमीटर लेपन कार्य।
2- 21.67 लाख से बेलभार बाइपास से शिवमंदिर तके 300 मीटर सीसी रोड का निर्माण।
3- 26.51 लाख से सिसवा तौफिर में 400 मीटर सीसी रोड का निर्माण।
4- 26.29 लाख की लागत से ग्राम बैरवा जंगल मे 400 मीटर सीसी रोड का निर्माण।
5- 102.18 लाख से ग्राम बनभिसवा के आंतरिक गलियों में 2.495 किलोमीटर सीसी रोड व केसी ड्रेन का निर्माण।
6- 134.58 लाख से ग्राम सेवतरी के आंतरिक गलियों में 2.26 किलोमीटर सीसी रोड व केसी ड्रेन का निर्माण।
कच्ची सड़क होने से बढ़ जाती है समस्या
हरैया पंडित के रहने वाले अमरेंद्र सिंह ने कहा कि सड़क खराब होने से आमजन को काफी कठिनाई होती है। खासतौर से बरसात के समय पूरे गांव को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। अब समस्या दूर हो सकेगी। वहीं धुसवा के रहने वाले केशवनाथ त्रिपाठी ने कहा कि सड़क का लेपन कार्य हो जाने से राहगीरों व यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
सड़क बनने से लोगों को होगी सहूलियत
बीएडीपी योजना से सड़क के बन जाने से लगभग एक लाख से अधिक की आबादी व राहगीरों को लाभ मिल सकेगा, वे जहां सुगमता पूर्वक अपने यात्रा को कर सकेंगे, वहीं समय व धन दोनों की बचत भी हो सकेगी।