मिठौरा। शनिवार को सिंदुरिया क्षेत्र के ग्राम सभा भागाटार स्थित नहर में नहाते समय एक व्यक्ति डूब गया था। रविवार को भी उसका पता न चलने पर परिजन भड़क उठे और ग्रामीणों के साथ महराजगंज मार्ग जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सिंदुरिया अजित प्रताप सिंह और एसडीएम निचलौल ने लोगाें को नहर में पानी कम कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।
शनिवार की शाम को भागाटार निवासी शिवधर (46) नहर में स्नान करते समय डूब गए। ग्रामीणों ने शिवधर की खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। रविवार की सुबह सात बजे ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। देखते-देखते ग्राम सभा की दर्जनों महिलाएं परिजनों के साथ सड़क पर बैठ गईं। शिवधर की माता सावित्री, पत्नी सरोज और बच्चे मधुरी, अमित, सुकरन ने आरोप लगाया कि दो दिन बीतने के बाद भी शिवधर का पता नहीं चल रहा है।
प्रशासन की तरफ से कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। थाना प्रभारी सिंदुरिया अजित प्रताप सिंह का कहना है एनडीआरएफ की टीम बुलाई जा रही है शिवधर को ढूढ़ने का प्रयास किया जा रहा है।