महराजगंज। जिले भर में ऑनलाइन हाजिरी समेत अन्य समस्याओं को लेकर सोमवार को प्राथमिक शिक्षक संघ ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान करने के बजाए शिक्षकों को उलझाया जा रहा है। इसको लेकर उन्होंने महानिदेशक स्कूल शिक्षा को संबोधित ज्ञापन खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपा।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ सदर अध्यक्ष बैजनाथ सिंह, मंत्री अखिलेश पाठक के नेतृत्व में टैबलेट में शिक्षकों के निजी सिम और आईडी के प्रयोग का विरोध किया गया। अर्ध आकस्मिक अवकाश, उपार्जित अवकाश, द्वितीय शनिवार अवकाश के समर्थन में एक ज्ञापन महानिदेशक स्कूल शिक्षा को संबोधित खंड शिक्षा अधिकारी सदर को दिया गया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लाक इकाई पनियरा ब्लॉक अध्यक्ष हरीश शाही के नेतृत्व में शिक्षा अधिकारी गरिमा यादव को ज्ञापन सौंपा गया।
सिसवा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, बीआरसी परिसर में शिक्षक संघ के ब्लाॅक अध्यक्ष सत्येंद्र मिश्रा ने कहा कि विभागीय अधिकारियों द्वारा शिक्षकों के साथ बेरूखा व्यवहार, वेतन रोकने जैसी कार्रवाई की जा रही है। केवल टैबलेट उपलब्ध कराया गया है, लेकिन टैबलेट को सक्रिय करने के लिए सरकारी सिम कार्ड उपलब्ध नहीं कराया गया है। ब्लाॅक महामंत्री लाल बिहारी ने भी गुस्से का इजहार किया।
लक्ष्मीपुर प्रतिनिधि के अनुसार, लक्ष्मीपुर के शिक्षकों ने ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में बीआरसी लक्ष्मीपुर परिसर में सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। निरीक्षणकर्ता अधिकारियों द्वारा शिक्षकों को अपने व्यक्तिगत आईडी के माध्यम से सिमकार्ड खरीदने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जोकि नियमानुकूल नहीं है। इस अवसर पर धनप्रकाश त्रिपाठी, हरिश्चंद्र चौधरी, मो जावेद खान, दयानंद त्रिपाठी, विकास नरायण मिश्रा उपस्थित रहे।
खनुआ प्रतिनिधि के अनुसार, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले अध्यापकों ने महानिदेशक शिक्षा लखनऊ को संबोधित खंड शिक्षा अधिकारी नौतनवा को मांग पत्र सौंपा। ब्लाक अध्यक्ष राघवेन्द्र पांडेय ने कहा कि शिक्षकों को भी राज्य कर्मचारी की भांति एक कैलेंडर वर्ष में 31 दिवस का उपार्जित अवकाश, प्रत्येक माह का द्वितीय शनिवार अवकाश, अर्ध आकस्मिक अवकाश अनुमन्य किया जाए।
मिठौरा प्रतिनिधि के अनुसार, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लाॅक इकाई ने ब्लाॅक अध्यक्ष विजय यादव के नेतृत्व में शिक्षकों ने ऑनलाइन छात्र और शिक्षकों की उपस्थिति का विरोध करते हुए महानिदेशक स्कूल शिक्षा को संबोधित खंड शिक्षा अधिकारी मिठौरा को ज्ञापन सौंपा गया।