महराजगंज। जनपद के राजकीय माध्यमिक स्कूलों के विद्यार्थियों की दक्षता में इजाफा होगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने राष्ट्रीय इलेक्ट्राॅनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (नाइलिट) से करार किया है।
पहले चरण में इस करार का लाभ जिले के 29 राजकीय माध्यमिक स्कूलों को दिया जाएगा। सभी राजकीय स्कूलों में कंप्यूटर व इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े पाठ्यक्रम इस सत्र से चलेंगे, जिसका लाभ नामांकित लगभग 8500 विद्यार्थियों को मिलेगा। यूपी बोर्ड से मिले निर्देश क्रम में इसका पत्र सभी राजकीय स्कूलों को जारी कर दिया गया है।
नाइलिट की मदद से विभिन्न शिक्षण संस्थानों में ओ लेवल कोर्स संचालित करता है। इसकी मान्यता राष्ट्रीय व्यवसायिक शिक्षा प्रशिक्षण परिषद की तरफ से भी है। अब यह राजकीय माध्यमिक स्कूलों में भी पाठ्यक्रम निर्धारण से लेकर संचालन तक की व्यवस्था संभालेगा। कक्षा 9 में आईटी टूल्स एंड नेटवर्क, 10 वीं में वेब डिजाइनिंग एंड पब्लिकेशन, 11 में पाइथन प्रोग्रामिंग और समस्या समाधान और 12 वीं में इंटरनेट आफ थिंग्स पाठ्यक्रम पढ़ाए जाएंगे।
राजकीय माध्यमिक स्कूल सिंहपुर के प्रधानाध्यापक अनमोल यादव ने बताया कि राजकीय स्कूलों में नामांकन से लेकर संसाधन उपलब्धता और रोजगार परक पाठ्यक्रम लागू करते हुए पढ़ने वाले विद्यार्थियों में दक्षता बोर्ड की तरफ से बढ़ाई जा रही है, जिससे राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की क्षमता अन्य विद्यार्थियों से जुदा मिले।