महराजगंज। जनपद में संचालित सभी परिषदीय स्कूलों में नए शिक्षा सत्र से शिक्षक-अभिभावक बैठक अनिवार्य किया गया है। अप्रैल में कितने परिषदीय स्कूलों में बैठक हुई बीएसए ने इसकी जानकारी बीईओ से पांच मई तक मांगी है।
जिले में 1705 परिषदीय स्कूलों में 2.48 लाख से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन है। बच्चों को निजी स्कूलों से बेहतर सुविधा देने के लिए कायाकल्प पैरामीटर निर्धारित कर स्कूलों को न सिर्फ संतृप्त कराया गया है बल्कि बिजली, पानी, शौचालय जैसे जरूरी संसाधन बढ़ाए गए हैं। शिक्षा गुणवत्ता बढ़ाने के लिए अब शिक्षक-अभिभावक बैठक पर जोर है।
बैठक के जरिये अभिभावकों को पाल्य की शिक्षा और अन्य प्रकार की गतिविधियों से अवगत कराकर उनसे भी बच्चों को आगे बढ़ाने में मदद ली जाएगी, जिससे परिषदीय विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके।
अप्रैल में नया शिक्षा सत्र प्रारंभ होते ही आदेश दिए गए थे कि प्रत्येक स्कूल को महीने में एक दिन शिक्षक अभिभावक बैठक जरूर करनी है। कितने स्कूलों में इस माह अनुपालन हुआ इसकी रिपोर्ट बीईओ से मांगी गई है।