किसानों के गन्ने की तौल कराएंगे सिसवा व पिपराइच चीनी मिल के जिम्मेदार
- जेएचवी शुगर मिल के बंद होने से लगभग 2,400 किसानों के गन्ने की तौल के लिए दो मिलों को सौंपी गई जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जेएचवी शुगर मिल गड़ौरा के बंद होने के बाद अब यहां के लगभग 2,400 किसानों के गन्ने की तौल सिसवा व पिपराइच चीनी मिल के जिम्मेदारों के माध्यम से कराई जाएगी। गन्ना विभाग ने यह व्यवस्था बनाई है। सिसवा मिल दो केंद्रों पर तथा पिपराइच मिल 10 से अधिक केंद्र पर तौल कराएगी।
जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने बताया कि गड़ौरा मिल के बंद होने की वजह से किसानों के गन्ने की फसल खेत में खड़ी है। उनकी समस्या को देखते हुए गड़ौरा मिल से जुड़े किसानों के गन्ने को सिसवा व पिपराइच चीनी मिल को आवंटित कर दिया गया है। सिसवा मिल की ओर से बजही व डोमा में लगभग 500 से अधिक किसानों का तथा पिपराइच मिल की ओर से मिल गेट, बहुआर, बैठवलिया, झुलनीपुुर, मिश्रौलिया प्रथम व द्वितीय, पिपरा काजी प्रथम व द्वितीय, लेदी, जयश्री व बजहा प्रथम व द्वितीय केंद्र पर आसपास के गन्ना किसानों के उपज की तौल की जाएगी।