लक्ष्मीपुर। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग स्थित गुजुरपुरवा जगदीशपुर में सोमवार को दोपहर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार ननद-भौजाई की मौत हो गई। जबकि बाइक चालक और दो बच्चे घायल हो गए। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर में इलाज चल रहा है। सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
गोरखपुर के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गेरुई बुजुर्ग निवासी भगवान दास एक ही बाइक से अपनी पत्नी, बहन और दो बच्चों के साथ गोरखपुर से दवा लेकर नेपाल में बहन के घर जा रहे थे। गोरखपुर सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जुगुरपुरवा के निकट निर्माणाधीन पुल के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मारकर फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही बाइक सवार गेरूई बुजुर्ग थाना कैंपियरगंज निवासी सुधा (30) और हरदी मरचवार नेपाल निवासी रूक्मिणी (25) की मौत हो गई। जबकि तीन वर्षीय राधिका, दो माह का सुजीत और भगवान दास घायल हो गए। पुरंदरपुर थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है।