महराजगंज। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ. केपी एवं डीसीपीएम संदीप पाठक ने शनिवार को कई स्वास्थ्य उप केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में फरेंदा क्षेत्र के गोपालपुर शाह का हेल्थ वेलनेस केंद्र बंद मिला। यहां पर तैनात सीएचओ आकांक्षा सिरोही मौके पर नहीं मिली।
मौके पर इलाज कराने आए कम्हरिया निवासी मरीज चौथी, कैलाशी देवी, तीजा देवी द्वारा बताया गया कि यह केंद्र अक्सर बंद रहता है। इसके बाद रतनपुर स्थित हेल्थ वेलनेस केंद्र का निरीक्षण किया गया। जहां सीएचओ सीमा मौके पर मौजूद मिलीं। केंद्र पर आयुष्मान कार्ड भी बन रहा था। पूछने पर पता चला कि एएनएम दीपिका श्रीवास्तव टीकाकरण सत्र पर टीका लगाने गई हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ. केपी सिंह ने शनिवार के रतनपुर खुर्द हेल्थ वेलनेस सेंटर का निरीक्षण किया, जिसमें सीएचओ सुमन चौधरी ओपीडी कर रही थीं। आठ मरीज ओपीडी में देखे जा चुके थे। अनुपस्थित रहने वाले सीएचओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर सीएचओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।