‘ऑपरेशन तमंचा को प्रभावी बनाएं थानेदार’
महराजगंज। एसपी प्रदीप गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को पुलिस लाइंस सभागार में अपराध नियंत्रण की समीक्षा की गई। पहले पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनने के बाद एसपी ने थाना प्रभारियों को पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। बैठक में छह माह से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने थानेदारों को ऑपरेशन तमंचा को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
एसपी प्रदीप गुप्ता ने कहा कि अज्ञात अभियोगों का वर्कआउट किया जाए। गोतस्करी/गोकसी के अपराधों पर जीरो टालरेंस रखते हुए निरोधात्मक कार्रवाई करें। उन्होंने अवैध शराब बिक्री, मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई के साथ थाना क्षेत्र की बीट प्रणाली चुस्त-दुरुस्त रखने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि बीट आरक्षी अपने बीट क्षेत्र के गणमान्य लोगों से संपर्क मे रहें। बीट क्षेत्र के असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखकर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि टॉप 10 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी लाएं। थाना समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण, आईजीआरएस के लंबित संदर्भों की समीक्षा, विवेचनाओं के निस्तारण, पुराने मामलों के निस्तारण, शिकायती प्रार्थनापत्रों के निस्तारण के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि आपराधिक घटना की सूचना पर घटनास्थल पर तत्काल पहुंचे। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक निवेश कटियार सहित समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त प्रभारी निरीक्षक / थानाध्यक्ष, प्रतिसार निरीक्षक आदि मौजूद रहे।
इस दौरान एसपी ने डीसीआरबी सेल के कर्मचारियों को बेहतर कार्य करने, अभिलेख के रखरखाव तथा सूचनाओं को अपडेट रखने के लिए प्रशस्तिपत्र दिया।
एसपी ने व्यापारियों की सुनीं समस्याएं
महराजगंज। एसपी प्रदीप गुप्ता ने सोमवार दोपहर में कार्यालय के सभागार में व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनने के साथ निस्तारित करने का प्रयास किया। दुकानों की सुरक्षा, पुलिस गश्त बढ़ाने सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। एसपी ने शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की। संवाद