महराजगंज। जिले के शिव मंदिरों पर शुक्रवार को भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने बेल, धतूरा, भांग, बेर व दूध चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। शिवालय हर-हर महादेव, ओम नम: शिवाय से गूंजते रहे। दोपहर बाद तक शिवालयों पर भक्तों की कतार लगी रही। भीड़ को देखते हुए शिवमंदिरों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सीसीटीवी से निगरानी की जा रही थी। नगर के शिवमंदिर के साथ इटहिया, कटहरा, शिवमंदिर पर लोगों ने पूजा-अर्चना की।
फरेंदा प्रतिनिधि के अुनसार, क्षेत्र के गोपलापुर शिवमंदिर व लेजार महदेवा स्थित बउरहवां बाबा मंदिर व बाजारडीह के नागफनी मंदिर, रतनपुर खुर्द शिवमंदिर पर जलाभिषेक के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। लोग भोर से ही मंदिरों के सामने कतार लगा कर खड़े रहे। लोगों की सुरक्षा के लिए स्वयं सेवी संगठनों के साथ पुलिस की तैनाती रही। मंदिरों के सामने विशाल मेले का भी आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी रामानंद ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे।
मिठौरा प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र के ग्राम सभा बड़हरामीर स्थित बउरहवा बाबा शिव मंदिर, ग्राम सभा हरखोड़ा स्थित झारखंडी शिव मंदिर, मधुबनी स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर महाशिवरात्रि पर्व पर आधी रात के बाद से ही भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। बड़हरामीर में आयोजन समिति के अध्यक्ष पिंटू चौबे ने बताया ग्राम सभा स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर महाशिवरात्रि पर्व पर चार दिवसीय भव्य मेले का आयोजन हुआ।
परसा मलिक प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र के महरी शिव मंदिर पर भक्तों ने जलाभिषेक कर लोगों ने सुख-समृद्धि की कामना की। भगवानपुर क्षेत्र के शिव मंदिर मदरी में भक्तों ने श्रद्धा पूर्वक जलाभिषेक किया। निपनिया, बेलभार, लक्ष्मीपुर, जिगिना, रेहरा, गंगवलिया, चकदह, महदेईया, शिवपुरी, परसासुमाली, लठहवा, करौता, प्राचीन शिव मंदिर भगवानपुर, मोतीपुर, रतनपुर, गंगापुर, पिपरहिया आदि गांव में भी महाशिवरात्रि पर्व पर लोगों ने शिव मंदिर में जलाभिषेक किया।
धानी प्रतिनिधि के अनुसार- कांक्षेश्वर नाथ प्राचीन मंदिर पर श्रद्धालुओं ने पूजा की। वहीं बृजमनगंज के ठाकुरद्वारा के शिवालय सहित क्षेत्र के शिवमंदिरों में श्रद्धालु पहुंच कर जलाभिषेक सुख सम़द्धि की कामना की।
सिसवा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, सिसवा विकास खंड के ग्रामसभा हरपुर पकड़ी स्थित प्रसिद्ध बउरहवां बाबा, बिंदवलिया, अमडीहा, कोठीभार स्थित शिव मंदिरों में महाशिव रात्रि के अवसर पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। जिसको देखते हुए मंदिर प्रशासन व पुलिस विभाग ने सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए थे।