महराजगंज। दांत से जुड़ी परेशानी को दूर करने के लिए जिले को तीन नए डेंटल सर्जन मिले हैं। अब जिले के पांच सीएचसी पर डेंटल सर्जन की तैनाती हो चुकी है। अभी भी 12 सीएचसी पर पद खाली है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले के सभी 17 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डेंटल सर्जन के एक पद स्वीकृत हैं, लेकिन केवल सदर, परतावल, बृजमनगंज, नौतनवां में ही तैनाती हो सकी है। नए डेंटल सर्जन की तैनाती बृजमनगंज, नौतनवां और फरेंदा में हुई है। अभी केवल बृजमनगंज में आफरीन कादीर और नौतनवां में ब्यूटी पांडेय ने कार्यभार संभाला है।
फरेंदा में तैनात डेटल सर्जन ने अपना कार्यभार नहीं संभाला है। लोगों ने कहा कि अगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डेंटल सर्जन की तैनाती होती तो मरीजों को निजी अस्पतालों या दूर तक जिला अस्पताल में इलाज के लिए नहीं जाना पड़ता। लेकिन लंबे समय से पद खाली होने से लोगों को महंगे दर पर इलाज कराना पड़ता है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नीना वर्मा ने कहा कि जिले में स्वीकृत पद के सापेक्ष खाली पदों की सूचना उच्चाधिकारियों को भेजी जाती है। इन डेंटल सर्जन को निदेशालय से ही तैनाती मिली है। यहां केवल कार्यभार ग्रहण कराया गया है।