जिला अस्पताल के जेई एईएस वार्ड में भर्ती मरीज।संवाद
- फोटो : MAHARAJGANJ
एईएस के सात, तेज बुखार के 21 मरीज जिला अस्पताल में भर्ती
- लगातार हो रही बारिश और गंदगी के कारण बढ़ी बीमारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में बच्चों को तेज बुखार एवं एईएस का खतरा बढ़ रहा है। लगातार हो रही बारिश व गांव में गंदगी के कारण बच्चों में बीमारियां बढ़ने लगी हैं। जिला अस्पताल में सात एईएस व 21 तेज बुखार व अन्य बीमारी के मरीज भर्ती हैं।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में एक जनवरी से अब तक जेई के दो मरीजों का इलाज हो चुका है। वहीं 35 एईएस के मरीजों व तेज बुखार के कुल 389 मरीजों का इलाज हुआ है। अभी जिला अस्पताल में तेज बुखार के 21 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं जेई, एईएस वार्ड में सात मरीज भर्ती हैं। मरीजों के साथ आए परिजनों ने बताया कि बच्चे को पहले बुखार हुआ तो नजदीक के डॉक्टर से दिखाया। ठीक न होने पर उसे जिला अस्पताल लाया जहां डॉक्टरों ने बच्चे की हालत गंभीर देखकर भर्ती कर लिया। इलाज चल रहा है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल चौधरी ने बताया कहा कि बच्चों में इस समय तेज बुखार व एईएस में मरीज आ रहे हैं। परिजनों को इस समय सतर्कता बरतने की जरूरत है। सफाई का विशेष ध्यान दिया जाए, उबला पानी का ही उपयोग करें। सीएमएस डॉ. एके राय ने कहा कि जिला अस्पताल में मरीजों का बेहतर इलाज किया जा रहा है। भर्ती मरीजों की देखभाल के लिए चिकित्सकों की टीम लगी है।