महराजगंज। जिले के उप निबंधक कार्यालय में इंटरनेट का तार कटने के कारण दोपहर करीब दो बजे तक काम बाधित रहा। गड़बड़ी दुरुस्त कराकर दो बजे के बाद काम शुरू कराया गया। इस बीच बैनामा कराने आए लोग परेशान रहे।
जिला उप निबंधक कार्यालय से ही जमीन की रजिस्ट्री और बैनामा होता है, लेकिन यहां की स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है। पिछले दिनों जनरेटर खराब होने के कारण काम दो दिन तक बाधित रहा। गर्मी को देखते हुए परिसर में छाया और पेयजल के इंतजाम अभी मुकम्मल नहीं हुए हैं। शुक्रवार को इंटरनेट का तार कट गया। स्थिति यह रही कि दोपहर एक बजे तक धूप में खड़े होकर लोग सर्वर का इंतजार करते रहे। करीब 1:30 बजे किसी कर्मी ने बताया कि इंटरनेट का तार कटा है। इसके बाद मकैनिक को बुलाकर विभाग ने तार सही कराया। करीब दो बजे से काम शुरू हो सका।
इंटरनेट का तार कटने से कुछ घंटे तक काम बाधित रहा। गड़बड़ी की जानकारी मिलते ही सही करवाकर काम शुरू करा दिया गया है।
-कमलेश चंद्र वर्मा, उप निबंधक