नौतनवा। रेवेन्यू बार एसोसिएशन नौतनवा के अधिवक्ताओं ने अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर बुधवार से तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को अधिवक्ताओं ने तहसील प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर धरने पर बैठ गए। उपजिलाधिकारी नंद प्रकाश मौर्य ने धरना स्थल पर जाकर अधिवक्ताओं से बात किया, लेकिन सहमति नहीं बनी।
रेवेन्यू बार एसोसिएशन नौतनवा के अधिवक्ता सोमवार को भी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर तहसील परिसर में प्रदर्शन कर अनशन पर बैठे रहे। अधिवक्ताओं ने तहसील प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। उनकी मांग है कि अरूणेश एडवोकेट के पक्ष में धारा 133 के तहत पारित आदेश का अनुपालन, खतौनी में पारित नामांतरण आदेश का अनुपालन, लेखपाल द्वारा हस्तांतरण रिपोर्ट दाखिल करने में विलंब व चकबंदी न्यायालय का सुचारू रूप से संचालन आदि समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।
रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश चंद त्रिपाठी ने बताया कि उपजिलाधिकारी धरना स्थल पर आकर एक सप्ताह का समय मांगते हुए धरना समाप्त करने के लिए कह रहे थे लेकिन सहमति नहीं बनी। उसके बाद अधिवक्ताओं के साथ बैठक हुई और मांग पूरी होने तक कलम बंद हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर साधू शरण मिश्र, रेयाज अहमद, विभूति प्रसाद यादव, रविन्द्र त्रिपाठी, प्रभाकर पांडेय, राजेश श्रीवास्तव, जय प्रकाश, अरूणेश शर्मा, विजय प्रकाश यादव, विरेंद्र नाथ पांडेय, अमित सिंह, रमेश यादव, कमलेश गौंड, संजय सोनी, अनिल यादव, बुद्धेश कुमार मौजूद रहे।