स्कूल चलो अभियान की रैली निकाली गई
फरेंदा (महराजगंज )। सर्व शिक्षा अभियान के तहत मंगलवार को भगवतनगर परसिया में स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली गई। इसके जरिए क्षेत्रवासियों को बच्चों का स्कूल में नामांकन कराने के लिए जागरूक किया गया।
रैली को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बबलू गुप्ता एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार गौड़ ने झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल बच्चों ने अपने हाथ में स्लोगन लिखी तख्तियां ले रखी थी। उन्होंने गांव में भ्रमण कर लोगों से बच्चों का नामांकन कराने की अपील की। रैली मेें अध्यापकों एवं ग्राम प्रधान के साथ गांव स्थित ईंट-भट्ठे गई। यहां ईंट-भट्ठा मालिक से अप्रवासी कामगारों के बच्चों का विद्यालय में नामांकन करवाने को कहा गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बबलू गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत 6 से 14 वर्ष के सभी बच्चों का दाखिला हर हाल में विद्यालय में होना चाहिए। विद्यालय के विभिन्न अभिलेखीय कार्यों में मदद के लिए ग्राम प्रधान द्वारा विद्यालय को उपहार स्वरूप प्रिंटर भेंट किया गया है। इस दौरान सहायक अध्यापक निशा, आरती राय, प्रियंबदा, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष चंद्रभान सहित अनेक अभिभावक मौजूद रहे।