छात्रवृत्ति योजना परीक्षा के लिए 15 तक आवेदन
- चयनित अभ्यर्थियों को एक हजार प्रति माह दी जाती है छात्रवृत्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। शैक्षिक सत्र 2021-22 में कक्षा आठ में अध्ययनरत विद्यार्थियों को राष्ट्रीय आय व योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा में प्रतिभागिता के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। अभिभावक अथवा विद्यालय के जिम्मेदार विद्यार्थियों का 15 मार्च तक वेबसाइट www.entdata.co.in पर आवेदन कर सकते हैं।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा में मेरिट के आधार पर चयनित कक्षा आठ के विद्यार्थियों को एक हजार प्रतिमाह की दर से वर्ष भर का 12 हजार रुपये छात्रवृत्ति दिए जाने की व्यवस्था है। शर्त यह है कि परीक्षा के उपरांत विद्यार्थी अपनी शिक्षा को कक्षा नौ से 12 तक नियमित रुप से जारी रखा हो। परीक्षा में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की प्रतिभागिता को सुनिश्चित कराने के लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने ब्लॉक से अधिक से अधिक आवेदन कराए जाने को कहा है। परीक्षा के उपरांत मेरिट के आधार पर चयनित विद्यार्थियों को ही छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। डायट प्राचार्य रवींद्र सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना के लिए अभिभावक व विद्यालयों के जिम्मेदार 15 मार्च तक इच्छुक विद्यार्थियों का ऑनलाइन आवेदन कराना सुनिश्चित करें। परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों से कोई परीक्षा शुल्क नहीं लगेगा।
-------------------------
आवेदन के लिए होनी चाहिए यह अहर्ता
विद्यार्थी शैक्षिक सत्र 2020-21 में कक्षा सात की परीक्षा को उत्तीर्ण किया हो। सत्र 2021-22 में राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त व विद्यालयों में कक्षा आठ में अध्ययनरत हों। ऐसे छात्र-छात्राओं जिनके अभिभावक की वार्षिक आय डेढ़ लाख रुपये से अधिक न हो।