अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक घायल
- महराजगंज एआरटीओ ऑफिस में कार्य करते थे संदीप मद्धेशिया
संवाद न्यूज एजेंसी
मिठौरा। सिंदुरिया थाना क्षेत्र की ग्राम सभा मिठौरा के शिकारगढ़ टोले के पास अज्ञात वाहन के चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई, वहीं बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मिठौरा चौकी पुलिस की सहायता से एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया।
निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम सभा करवतिया उर्फ कटका निवासी संदीप मद्धेशिया (20) बाइक से शुक्रवार को अपने सहयोगी मोहन शर्मा (22) के साथ किसी कार्य से महराजगंज जा रहे थे। सिंदुरिया थानाक्षेत्र के शिकारगढ़ के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई, जिससे संदीप मद्धेशिया की घटनास्थल पर मौत हो गई। बाइक चला रहे चालक मोहन शर्मा (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। वह हेलमेट पहने थे। पुलिस की सहायता से एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। संदीप मद्धेशिया महराजगंज एआरटीओ ऑफिस में कार्य करते थे। संदीप अपने दो भाई सूरज और बहन संजू में सबसे बड़े थे। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में उप निरीक्षक मिठौरा पुलिस चौकी आरसी वरुण का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।