ऊर्जा संरक्षण पर आयोजित होगी प्रश्नोत्तरी एवं पेंटिग प्रतियोगिता
ऊर्जा बचाने को लेकर विद्यार्थियों व अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। ऊर्जा का महत्व विद्यार्थियों व आमजन को बताने तथा उसे बचाते हुए उसके सदुपयोग को लेकर जिले के परिषदीय व माध्यमिक विद्यालयों की ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी व पेंटिंग प्रतियोगिता होगी। इस आयोजन से जहां विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, वहीं ऊर्जा संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास विभाग (नेडा) द्वारा 13 जनवरी तक ऊर्जा संरक्षण की महत्ता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाना है। अभियान का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इससे जोड़ते हुए उसका लाभ जिम्मेदारों को दिलाने पर जोर दिया जाए। माध्यमिक व परिषदीय विद्यार्थियों में इसे लेकर ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी व पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन होगा। विद्यालयों के जिम्मेदार प्रतियोगिता मेें प्रतिभागिता के इच्छुक विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए वेबसाइट यूपी सेव इनर्जी डाट काम अथवा मोबाइल एप यूपी सेव इनर्जी के माध्यम से प्रतिभाग कराया जा सकता है। अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इससे जोड़ कर जहां उनके व्यक्तित्व का विकास किया जा सकता है, वहीं उन्हें ऊर्जा को संरक्षित किए जाने से होने वाले लाभ की भी जानकारी दी जा सकती है।
नेडा के परियोजना अधिकारी उदयभान त्रिपाठी ने बताया कि ऊर्जा संरक्षण अभियान को सफल बनाने को लेकर बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के जिम्मेदारों को पत्र भेजा गया है।
लगभग 1950 विद्यालयों को जोड़ने की होगी पहल
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित 1695 विद्यालय तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित 244 विद्यालयों में ऊर्जा संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों को कराने पर जोर दिया जाएगा।