महराजगंज। बारावफात के मौके पर जुलूस-ए-मोहम्मदी सोमवार को निकाला जाएगा। पुलिस ने जुलूस और आयोजन की सुरक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली है। जुलूस मार्ग को खुफिया कैमरों से लैस करने के साथ ही पूरे आयोजन के लिए पुलिस, पीएसी, आरएएफ को भी चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया है।
सभी आयोजकों से संपर्क करके पुलिस ने जुलूस के आयोजन को शांतिपूर्वक व अनुशासित ढंग से निकालने की अपील की। गड़बड़ी फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। जुलूस-ए-मोहम्मदी जुलूस के लिए पुलिस व प्रशासन की टीमें बीते कई दिनों से पूरे रूट का निरीक्षण कर रही हैं। रविवार को भी पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने पुलिस फोर्स के साथ रूट का निरीक्षण कर तैयारियों की जांच की। रूट पर जगह-जगह भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग लगाई गई है।
जुलूस-ए-मोहम्मदी के आयोजन को लेकर पुलिस की अलग-अलग टीमें शहरकाजी, धर्म गुरुओं और मौलवियों से संवाद करके सभी तरह की समस्याएं दूर की। ड्रोन कैमरे से आयोजन की निगरानी होगी। सभी रूटों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर भी पुलिस की सोशल मीडिया सेल नजर बनाए है। कोई भी भ्रामक सूचना सोशल मीडिया के किसी भी प्लेटफार्म पर फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई होगी। जुलूस-ए-मोहम्मदी के लिए दो प्लाटून पीएसी, 10 निरीक्षक, आठ उप निरीक्षक, 81 हेड कांस्टेबल, 21 महिला कांस्टेबल, पांच फायर टेंडर लगा है।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि किसी भी प्रकार के नियम और कानून का उल्लंघन होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले में सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस की नजर बनी रहेगी। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से प्रत्येक हलचल पर नजर रहेगी।