पुलिस ने चिता से शव उठवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कोल्हुई (महराजगंज)। थाना क्षेत्र के पकडडीहा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत विवाहिता के शव को शनिवार की सुबह 11 बजे चिता तैयार कर जलाने की तैयारी चल रही थी। इसी बीच मायके वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस शव को चिता से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पकड़डीहा निवासी मुन्नी (22) की संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार की भोर में 4 बजे मौत हो गई। मृतका के पति राम अवधेश समेत परिवार के अन्य शनिवार को सुबह 11 बजे जोगियाबारी घाट पर अंतिम संस्कार करने पहुंचे। इसकी जानकारी किसी ने मृत मुन्नी के मायके वालों को दी। इसके बाद मृतका के पिता ब्रह्मनंद ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम घाट पर पहुंची और शव को चिता से उठवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। बताया कि करीब चार साल पहले मुन्नी की शादी रामअवधेश के साथ हुई थी। मुन्नी का मायका गुजरवलिया शंकर मिश्रा गांव में है। चार पहले उसने राम अवधेश के साथ प्रेम विवाह किया था। इससे मुन्नी के घरवाले नाराज थे। इधर, वह शादी करने के बाद पति से आराम से जीवन गुजार रही थी। लेकिन अचानक हुई उसकी मौत ने सवाल खड़ा कर दिया है। मुन्नी के पिता ब्रह्मनंद ने बताया कि सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन समय में नहीं आ रहा है कि यह सब कुछ अचानक कैसे हो गया। मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग के लिए थाने में तहरीर दी गई है। प्रभारी थानाध्यक्ष यदुनंदन यादव ने तहरीर के आधार पर मृतक के पति को हिरासत में लेने की पुष्टि की। उधर, सीओ सुनील दत्त दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।