क्रय केंद्र पर ट्रक न होने पर जताई नाराजगी
- उप गन्ना आयुक्त ने पिपराइच चीनी मिल के दो क्रय केंद्रों का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। उप गन्ना आयुक्त उषा पाल ने विभागीय अधिकारियों के साथ सोमवार को पिपराइच चीनी मिल के दो क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में ट्रक की अनुपलब्धता पर नाराजगी जताते हुए पिपराइच मिल के महाप्रबंधक को अविलंब ट्रक की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने सिधवारी केंद्र के निरीक्षण में पाया कि कांटा आदि लगा हुआ है मगर ट्रक की उपलब्धता न होने से तौल नहीं हो पा रही है। जिस पर उन्होंने अविलंब ट्रक की उपलब्धता के लिए पिपराइच के महाप्रबंधक को निर्देशित किया। बहदुरी केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि एक ट्रक गन्ने की तौल जारी है जबकि दूसरी तौल के इंतजार में हैं। अन्य व्यवस्थाएं ठीक पाई गईं। जिम्मेदारों को तौल किए जाने वाले गन्ने का समय से भुगतान कराए जाने का भी निर्देश दिया गया। इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद यादव, सचिव फरेंदा बेचन प्रसाद आदि मौजूद रहे।
अगैती प्रजाति के गन्ने की भी केंद्रों पर कराएं तौल
जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद यादव ने सिसवा चीनी मिल के सिंदूरिया गन्ना तौल केंद्र का निरीक्षण किया। वहां पर गन्ना किसानों ने बताया कि अगैती प्रजाति के गन्ने की तौल के लिए उन्हें मिल गेट पर जाना पड़ रहा है, जिससे काफी असुविधा हो रही है। जिस पर गन्ना अधिकारी ने महाप्रबंधक कर्मवीर सिंह से केंद्रों पर भी अगैती प्रजाति के गन्ने की तौल की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया।