महराजगंज जिले के पनियरा क्षेत्र के ग्राम सभा बैजूडेहरा में शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति का शव उसके घर में संदिग्धावस्था में मिला। परिजन आनन-फानन में मृतक के शव का दाह-संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की बहन विंद्रावती के अनुसार शुक्रवार शाम चुल्हाई प्रसाद को उनके पुत्रों ने किसी बात को लेकर मारापीटा। रात में भाई चुल्हाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
शनिवार को सूचना पाकर मृतक की बहन व भांजा पहुंचे। उनके अनुसार शरीर पर कई जगह चोट का निशान व खून देखकर थाने पहुंचे और परिजनों पर मारपीट कर हत्या की तहरीर देकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
बताया गया कि खलिहान की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर मकान बना लिया था। मृतक ने उनके खिलाफ 122 बी का मुकदमा किया था और हाईकोर्ट से बेदखली का आदेश लाया था। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक की बहन की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।