फोन कॉल पर टीका लगाने पहुंचेगी सदर सीएचसी की टीम
महराजगंज। अब फोन करने पर भी सदर सीएचसी की टीम कोरोनारोधी टीका लगाने पहुंच जाएगी। शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए यह व्यवस्था की गई है। सदर सीएचसी अधीक्षक ने तीन सदस्यों की एक टीम बनाई है। टीम के निर्देशन की जिम्मेदारी ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक सूर्य प्रताप सिंह को दी गई है।
अब शहर क्षेत्र के 20 किलोमीटर की परिधि में अगर एक जगह 5 से 10 लोगों को टीका लगवाना है, तो वे सीएचसी अधीक्षक डॉ. केपी सिंह या ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक सूर्य प्रताप सिंह के मोबाइल नंबर पर फोन कर टीम बुला सकते हैं। फोन करने पर सीएचसी की टीम के रूट चार्ट में संबंधित जगह का नाम दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा लोगों को नाम, लोकेशन, आधार नंबर, मोबाइल नंबर देने के बाद, दूसरे दिन टीम वहां वैक्सीनेशन करेगी। सदर सीएचसी अधीक्षक डॉ. केपी सिंह ने बताया कि ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक सूर्य प्रताप सिंह की देखरेख में तीन सदस्यों की टीम तैयार की गई है। यह टीम सीएचसी के वाहन से फोन किए गए स्थान पर पहुंचकर वहां संबंधित लोगों का टीकाकरण करेगी।
आशा से कराएंगे सत्यापन
सीएचसी अधीक्षक डॉ. केपी सिंह ने बताया कि जिन लोगों द्वारा फोन किया जाएगा। संबंधित गांव या शहरी क्षेत्र की आशा द्वारा जगह व वैक्सीनेशन न होने का सत्यापन कराने के तुरंत बाद वैक्सीनेशन टीम पहुंचकर टीका लगाएगी।
27 कर्मचारियों का हुआ टीकाकरण
सदर सीएचसी अधीक्षक डॉ. केपी सिंह ने बताया कि शनिवार को टीम ने सबसे पहले नगर सहकारी बैंक में पहुंचकर 9 लोगों को टीका लगाया। इसके बाद यूनियन बैंक में टीम ने चार लोगों को टीका लगाया। वहीं एक्सिस बैंक में भी चार और एसबीआई के 9 कर्मचारियों को टीका लगाया गया।