डाटा फीडिंग के संबंध में प्रमाणपत्र प्रस्तुत करें नोडल अधिकारी
- विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत कार्मिकों के डाटा फीडिंग को लेकर हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। विभागों के नोडल अधिकारी कर्मचारियों की डाटा फीडिंग को लेकर प्रमाणपत्र प्रस्तुत करें। जिन कर्मचारियों का डाटा फीड नहीं हुआ है, उनकी सूची उपलब्ध कराते हुए उसकी लिखित जानकारी भी दें। विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत अधिकारी निष्ठावान होकर कार्य करें तथा पूरे मनोयोग से अपने दायित्वों व कार्यों में जुट जाएं।
ये निर्देश मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में कार्मिकों के डाटा फीडिंग के संबंध में विभागीय जिम्मेदारों की बैठक में दिया। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी अपने साथ किसी अन्य विभाग का कार्य देख रहे हैं, वह यह सुनिश्चित करें कि उस विभाग के सभी कार्मिकों की सूची उपलब्ध करा दी गई है। अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने कहा कि जिन अधिकारियों को नियंत्रण कक्ष का नोडल बनाया गया है, वे समय रहते सभी कार्यों को पूरा कराना सुनिश्चित करें। सूचनाओं का आदान-प्रदान बेहतर ढंग से हो सके, इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने को कहा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन बूथों पर विद्युत कनेक्शन नहीं है, वहां पर कनेक्शन के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत के समक्ष आवेदन करें। अधिशासी अभियंता विद्युत ऐसे विद्यालयों को तत्काल कनेक्शन देने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इस दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी शालीग्राम, डीडीओ जगदीश त्रिपाठी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनोज कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।