नेपाल ने भारतीय पर्यटकों के लिए नई गाइड लाइन जारी की
महराजगंज। नेपाल सरकार ने भारतीय पर्यटकों के नेपाल प्रवेश के दौरान हो रही परेशानी को देखते हुए नई गाइड लाइन जारी की है। इस दौरान भारतीय पर्यटक नेपाल की यात्रा के दौरान ही अपना बायोडाटा, कोरोना रिपोर्ट या वेक्सीनेशन की दोनों डोज की कापी अपलोड कर आसानी से नेपाल की यात्रा कर सकते हैं। सोनौली सीमा के पर्यटक आफिस पर एक डिक्लरेशन फार्म भर कर नेपाल में प्रवेश कर सकते हैं।
नेपाल रूपनदेही के मुख्य जिला अधिकारी ऋषि राम तिवारी ने बताया कि पर्यटन मंत्रालय ने भारतीय पर्यटकों को सीमा पर प्रवेश के दौरान हो रही परेशानी को देखते हुए ऑनलाइन और ऑफलाइन डिक्लरेशन फार्म की गाइड लाइन जारी की है जिससे सीमा पर क्रासिंग के दौरान किसी को कोई परेशानी नहीं हो। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार से सरहद पर डिक्लरेशन फार्म उपलब्ध है। इसमें यात्री की पूरी डिटेल, कोरोना रिपोर्ट की कापी या वेक्सीनेशन के दोनों डोज की फोटो कापी लगा कर पर्यटक आसानी से नेपाल की यात्रा कर सकेंगे।
पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों ने जताई खुशी
नेपाल सरकार की ओर से भारतीय पर्यटकों के लिए जारी नई गाइड लाइन से पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोग काफी खुश हैं। होटल संघ के अध्यक्ष सीपी श्रेष्ठ ने बताया कि सीमा पर भारतीय पर्यटकों को काफी परेशानी हो रही थी। डिक्लरेशन फॉर्म भरने के बाद वह कहीं भी जा सकते हैं। उपाध्यक्ष श्रीचन्द गुप्ता ने इस फैसले का स्वागत करते हुए बताया कि कोरोना एनटीपीसीआर की रिपोर्ट या वैक्सीनेशन की दोनों डोज की एक फोटो कापी यात्री अपने पास रख लें। फार्म भरने के दौरान सरहद पर जमा करना होगा जिससे यात्रियों को काफी सुविधा होगी।
सरहद पर पूरी रात फंसे रहे भारतीय पर्यटक
सोनौली। विगत 18 महीने बाद इंडो-नेपाल सीमा खुलने से दोनों ओर के पर्यटकों की संख्या बढ़ती जा रही है। लेकिन, रात में सीमा बंद होने से देर से पहुंचे और नेटवर्क न होने से ऑनलाइन डाटा न दिखा पाने वाले पर्यटक सीमा पर फंस जा रहे हैं। बुधवार की रात भारत व नेपाल दोनों ओर के दर्जनों पर्यटकों को आने जाने की अनुमति नहीं मिली और वे रात भर सीमा पर ही फंसे रहे।
कोविड काल से सीमा पर पहली बार रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पैदल आवाजाही पर भी रोक लगी है। भारत-नेपाल सीमा पर मालवाहकों के लिए सुबह 6 से रात 10 बजे तक आवाजाही में छूट है। यही वजह है कि रात में देर से पहुंचने वालों को रोक दिया जा रहा है। टूर एंड ट्रैवेल्स संघ बेलहिया के अध्यक्ष श्रीचंद गुप्ता ने बताया कि पर्यटकों को पहले 24 घंटे की आवाजाही की पैदल छूट मिलती थी। उस नियम को फिर से लागू किया जाए। नेपाल भारत अवध मैत्री समाज के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि रात में पैदल यात्रियों को भी रोक दिया जा रहा है, जबकि दोनों देशों की इमीग्रेशन 24 घंटे खुली रहती है। सिद्धार्थ होटल एसोसिएशन रूपनदेही के अध्यक्ष सीपी श्रेष्ठ ने बताया कि भारतीय पर्यटक नेपाल आने के क्रम में रिपोर्ट कार्ड दस्तावेजों की हार्ड कापी भी रखें क्योंकि नेटवर्क न रहने से ऑनलाइन दस्तावेज दिखाने में दिक्कत आ रही है जिससे उन्हें परेशानी हो रही है।