ठूठीबारी क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा राजाबारी की घटना, बचाने गई सास की हो गई घायल
निचलौल। तहसील क्षेत्र के ठूठीबारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा राजाबारी में रविवार को टेबल फैन का स्विच लगाते समय करंट की चपेट में आने से सास-बहू गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन ने दोनों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निचलौल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार राजाबारी निवासी पुष्पा देवी (30) पत्नी मनोज रविवार को घर में टेबल फैन का स्विच लगा रही थीं। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गईं और तड़पने लगीं। उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी सास कांती देवी (50) पत्नी सदानंद भी करंट की चपेट में आकर अचेत हो गईं। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
परिजन में से एक महिला ने तत्काल बिजली का मुख्य स्विच बंद किया, इसके बाद दोनों को करंट से अलग किया जा सका। आनन-फानन में परिजन निजी वाहन से दोनों घायल महिलाओं को सीएचसी निचलौल लेकर पहुंचे। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. शांति विजय मिश्रा ने बताया कि घायल दोनों महिलाओं की हालत गंभीर है। खबर लिखे जाने तक दोनों का सीएचसी में उपचार चल रहा था।
फोटो परिचय : सीएचसी निचलौल में विद्युत स्पर्शघात से घायल महिलाओं का इलाज करते चिकित्सक।