दूरदराज के क्षेत्रों में अवाम की सेहत का ख्याल रख रही मोबाइल यूनिट
महराजगंज। जिले के दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल यूनिट लोगों की सेहत का ख्याल रख रही है। लिहाजा लोगों को काफी लाभ मिल रहा है। छह माह में 24, 536 लोगों को मोबाइल यूनिट की ओपीडी सेवा का लाभ मिल चुका है। रोस्टर के मुताबिक तीन मोबाइल यूनिट डॉक्टरों एवं कर्मियों के साथ चयनित क्षेत्र में पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराती है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मेडिकल मोबाइल यूनिट की ओर से अप्रैल में 3246 मरीज देखे गए। वहीं, मई में 4362, जून में 4376, जुलाई 4359, अगस्त में 4004, सितंबर में 4189 मरीजों की जांच की गई। इस तरह से छह माह में 24, 536 मरीजों की जांच कर दवा दी गई। दूर दराज के गांव में लोगों को स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए यूनिट तेजी से काम कर रही है। जिला समन्वयक राहुल कुमार ने बताया कि शेड्यूल के अनुसार मोबाइल यूनिट गांव में पहुंचकर लोगों की सेहत की जांच करती है। हालत गंभीर होने की स्थिति में नजदीक के अस्पताल में मरीज को रेफर कर दिया जाता है। वाहन में जांच की आवश्यक मशीन एवं दवाएं उपलब्ध हैं।
एक यूनिट में पांच स्टाफ की है तैनाती
एक मेडिकल मोबाइल यूनिट में 5 स्टाफ होते हैं जिसमें एक डॉक्टर, एक फार्मासिस्ट, एक स्टाफ नर्स, एक लैब टेक्नीशियन और एक पायलट की तैनाती होती है। एक यूनिट में डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, फार्मासिस्ट हरिराम प्रजापति, स्टाफ नर्स राकेश कुमार, लैब टेक्नीशियन अभिषेक श्रीवास्तव पायलट नागेंद्र यादव की तैनाती है। इसके अलावा अन्य यूनिट में भी चिकित्सक समेत स्टाफ की तैनाती है।
रोटेशन के अनुसार होती है ओपीडी
तीनों मेडिकल मोबाइल यूनिट रोटेशन के हिसाब से चलती हैं। जैसे, अप्रैल महीने में सिसवां, सदर और बृजमनगंज में ओपीडी सेवा मिली। वहीं, मई महीने में सिसवां, सदर फरेंदा, जून में पनियरा, सिसवां, फरेंदा, जुलाई में परतावल घुघली और धानी, अगस्त में मिठौरा, निचलौल और धानी में मोबाइल यूनिट पहुंची। इसके अलावा सितंबर में सिसवां, बृजमनगंज और सदर में मेडिकल मोबाइल यूनिट चली है। वर्तमान में बृजमनगंज ब्लॉक की मेडिकल मोबाइल यूनिट संचालित है।
432 गांव में पहुंच चुकी मोबाइल यूनिट
एक महीने में एक मेडिकल मोबाइल यूनिट को एक ब्लॉक में 24 गांव में पहुंचना होता है। यह वह गांव होते हैं, जो अस्पताल से दूर होते हैं। मेडिकल मोबाइल यूनिट के सदस्य गांव में पहुंचकर लोगों की सेहत की जांच करते हैं। एक मेडिकल मोबाइल यूनिट 6 ब्लॉकों के 144 गांव को कवर करती है। इस तरह से तीनों मेडिकल मोबाइल यूनिट मिलाकर अब तक 432 गांव में पहुंचकर सेवा दे चुकी है।
इतने मरीजों के रक्त की जांच हुई
मेडिकल मोबाइल यूनिट में जांच की सुविधा है। इलाज करने के दौरान जरूरत पड़ने पर वैन में ही रक्त की जांच कर ली जाती है। अप्रैल- 340, मई-375, जून-335, जुलाई-348, अगस्त- 275, सितंबर- 288 मरीजों के रक्त की जांच हुई। इससे इलाज करने में आसानी होती है।