महराजगंज। डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ का चरणबद्ध आंदोलन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। सिंचाई निर्माण खंड सिद्धार्थनगर के अधिशासी अभियंता पर विभागीय आदेशों की कथित अनदेखी, प्रशासनिक मनमानी और कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण रवैये का आरोप लगाते हुए संघ आंदोलन कर रहा है।
सात दिवसीय आंदोलन के क्रम में सामूहिक ज्ञापन दिवस के तहत संघ पदाधिकारियों ने डाक के माध्यम से सिंचाई मंत्री, मुख्यमंत्री, मंडलायुक्त समेत संबंधित उच्चाधिकारियों को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई और समस्याओं के निष्पक्ष समाधान की मांग की।
संघ के निर्धारित कार्यक्रम के तहत सात सितंबर को कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर विरोध जताया था। आठ सितंबर को विरोध सभा आयोजित की गई जबकि बुधवार को सामूहिक ज्ञापन दिवस मनाया गया। संगठन का आरोप है कि विभागीय आदेशों के अनुपालन में लापरवाही, कार्य आवंटन में भेदभाव और कर्मचारियों के साथ मनमाना व्यवहार किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष विक्रम अग्रहरी ने बताया कि जूनियर इंजीनियरों से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच, राजकीय भवन स्थित जेई कक्ष को लंबे समय तक बंद रखने की जांच और स्थानांतरण के बाद कार्यमुक्ति व चार्ज हस्तांतरण में समान प्रक्रिया अपनाने की मांग की गई है।