ठूठीबारी(महराजगंज)। नेपाल के नवलपरासी के रामग्राम नगर पालिका में तमलोपा पार्टी की ओर से तीन दिवसीय प्रथम राष्ट्रीय महाधिवेशन का आयोजन किया गया। इसमें भारी संख्या मे मधेसी कार्यकर्ता समेत भारत के कई अन्य प्रांतों के नेताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। नेताओं ने मधेसियों की मांग को जायज बताया।
सोमवार की दोपहर नवलपरासी की ऐतिहासिक नगरी रामग्राम नगरपालिका स्थित आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में तमलोपा पार्टी के नेतृत्व में पहली बार विशाल राष्ट्रीय महाधिवेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाटक के माध्यम से मधेसियों को उनके अधिकार के प्रति जागरूक किया गया। वहीं मधेस आंदोलन में शहीद हुए आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान मधेसियों ने एक स्वर में कहा की जब तक नेपाल के संविधान में हम लोगों को पहचान, स्वाभिमान व सम्मान मिल नहीं जाता तब तक हम मधेसी हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठे रहेंगे।
अधिवेशन के माध्यम से सरकार को अपनी ताकत का एहसास कराकर शांति पूर्वक अपने अधिकारों के मांग की लड़ाई लड़ते रहेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तराई मधेस लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंथ ठाकुर रहे।
नेपाली कांग्रेस पार्टी के सभापति एवं पूर्व प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउवा, राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के अध्यक्ष पशुपति समशेर राना, उत्तराखंड भाजपा पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री भक्तसिंह कोसीयाणी, भारतीय दूतावास के डीसीएम विनय कुमार, पूर्व मंत्री ह्रदेश त्रिपाठी समेत नेपाल के कई जिलों के नेता व जनप्रतिनिधि के अलावा भारी संख्या में मधेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।