‘कारागार में बंद लोगों के भी अपने अधिकार हैं’
महराजगंज। अपने अधिकारों के प्रति समाज के हर व्यक्ति को जागरूक होना चाहिए। कारागार में बंद लोगों के भी अपने अधिकार हैं। खराब परिस्थितियों के कारण वे दुुर्भाग्यवश यहां हैं, फिर भी उन्हें अपने अधिकारों को जानने के साथ ही उसका लाभ उठाने का कार्य करना चाहिए।
यह बात सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रागदत्त शुक्ला ने जिला कारागार में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि वे अपने अधिवक्ता के माध्यम से इस संदर्भ में जानकारी प्राप्त कर अधीक्षक को जानकारी दें। उनके अधिकारों को संरक्षित करने की दिशा में पहल की जाएगी। सिविल जज अवर खंड प्रभात सिंह ने निशुल्क अधिवक्ता को उपलब्ध कराए जाने की दिशा में जानकारी प्रदान की। तहसीलदार सदर राजेश कुमार व जेलर एके श्रीवास्तव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। डिप्टी जेलर रंजीत यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन अधिवक्ता उमेश तिवारी ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में बंदी मौजूद रहे।
185 ग्रामों का भ्रमण कर किया जनसंपर्क
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि 14 नवंबर तक चलने वाले आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत कुल 3481 टीमों के माध्यम से 348100 लोगों से जनसंपर्क करते हुए विधिक सेवा कार्यक्रमों के प्रति उन्हें जागरूक किया गया है।