पुलिस के रिस्पॉन्स टाइम को सुधारने के लिए पुलिस अधीक्षक ने मंगाए गए वाहन
महराजगंज। जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने और आपातकालीन स्थिति में पुलिस के रिस्पॉन्स टाइम को सुधारने के लिए एसपी ने एक बड़ा कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस विभाग के बेड़े में 6 नई पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (पीआरवी) को शामिल किया है। इन अत्याधुनिक वाहनों के आने से अब पुलिस पहले के मुकाबले अधिक सक्रियता से घटनाओं पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकेगी।
पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को पुलिस लाइंस से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सभी गाड़ियों को थाना चौक, कोठीभार, निचलौल, पनियरा एवं बृजमनगंज सहित छह थानों को आवंटित किया गया है। इन गाड़ियों के संचालन से आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की पहुंच और प्रतिक्रिया समय में उल्लेखनीय सुधार होगा। इसके पहले 21 पीआरबी (112) गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न थानों पर तैनात किया गया था। इस प्रकार अब तक कुल 27 पीआरबी (112) गाड़ियों को जनपद के विभिन्न थानों पर उपलब्ध कराया जा चुका है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ संसाधनों के उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आमजन को त्वरित सहायता प्रदान करना, अपराधों की रोकथाम करना तथा कानून-व्यवस्था को हर स्थिति में बनाए रखना है।