सावन के अंतिम सोमवार पर शिवालयों में उमड़े श्रद्धालु
महराजगंज/ठूठीबारी। सावन में भगवान शिव का व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने अंतिम सोमवार को व्रत पूजन किया। शहर के मंदिरों में उत्सव सा माहौल रहा। सुबह से ही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। शिव भक्तों ने बिल्वपत्र, भांग, धतूरा दूध तथा जल को शिवलिंग पर अर्पित कर विधिवत पूजा की। शहर से सटे कटहरा शिव मंदिर, बड़हरा शिव मंदिर, बउरहवा बाबा शिव मंदिर पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होने के चलते कई मंदिरों में अतिरिक्त इंतजाम करवाए गए थे। इस दौरान शिव मंदिर परिसर में मीना बाजार का आयोजन किया गया था। शहर के सिंचाई कालोनी स्थित शिव मंदिर पर श्रद्धालुओं की भारी रही। इसके चलते पुलिस प्रशासन ने मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती कर रखी थी।
ईटहियां शिव मंदिर में जल चढ़ाने के लिए महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग लंबी लाइनें लगी रहीं। इसके अलावा नागरिक सुरक्षा कोर के सदस्य भी मंदिर परिसर में तैनात रहे। ईटहिया शिव मंदिर पर भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नेपाल के त्रिवेणी धाम से श्रद्धालु जल लेकर ईटहियां पहुंचे और भगवान शिव को जलाभिषेक किया। फरेंदा, नौतनवां, ठूठीबारी, निचलौल, सिसवां, घुघली, मिठौरा, सिंदुरियां, भटहट, परतावल, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, कुशीनगर आदि क्षेत्र के श्रद्धालु सोमवार की भोर से पंचमुखी बाबा भोले नाथ को जल चढ़ाया। ईटहियां शिव मंदिर परिसर में लगे मेले में मौत का कुंआ, झूला, ट्रेन गाडी, सर्कस आदि आकर्षक का केंद्र रहा। सुरक्षा में ठूठीबारी कोतवाल छोटेलाल, एसआई ओपी चौहान, टीपी श्रीवास्तव, बरगदवां थानाध्यक्ष अनिल कुमार, मेला प्रभारी लक्ष्मीपुर चौकी इंचार्ज सतीश कुमार सिंह के अलावा पुलिस कर्मी तैनात रहे।