प्रकाश पर्व : गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में गूंजी गुरुवाणी
नौतनवां (महराजगंज)। सिखों के नौवें गुरु गुरु तेग बहादुर के 400 शताब्दी प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार रात 8 बजे नगर के गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में गुरुवाणी कीर्तन का आयोजन हुआ। इस दौरान बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं पुरुषों ने सर्वप्रथम गुरुद्वारा में विराजमान गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
अरदास और कीर्तन कर संगत गुरुवाणी श्रवण करने में लीन रही। कार्यक्रम के दौरान लुधियाना से आए बलप्रीत सिंह के नेतृत्व ने रागी जत्था ने कीर्तन प्रस्तुत किया। गुरुवाणी देर रात तक गूंजती रही जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा। अंत में आयोजित लंगर में सिख संगत ने गुरु का प्रसाद ग्रहण किया। सिख समुदाय के अध्यक्ष परमजीत सिंह और बॉबी ने बताया कि गुरु तेग बहादुर का प्रकाश पर्व बीते तीन माह पहले ही मनाया जाना था, लेकिन कोरोना के कारण यह कार्यक्रम आयोजित नहीं हो पाया। इस कारण अब स्थिति सामान्य होने पर एक कार्यक्रम के तहत बाबा की अरदास की गई। इस दौरान ज्ञानी मोहन सिंह, सोहन सिंह, रंजीत, पम्मी सिंह, मनजीत सिंह, सरदार बंटी सिंह, सुरजीत, अमरिंदर सिंह, सिमरन कौर, अश्मित कौर, आनमोल सिंह, गुरप्रीत कौर, गुरमीत सिंह, जसप्रीत सिंह, परविंदर, सतपाल राजपाल, रजिंदर कौर, कवलजीत कौर आदि मौजूद रहे।