अंतरजनपदीय असलहा तस्कर गिरफ्तार, अवैध शस्त्र फैक्ट्री का पर्दाफाश
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के बेलवां काजी गांव में एक घर में असलहा बनाने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर न्यायालय चालान कर दिया। वहीं, दोनों को जेल भेज दिया गया। उनके पास से असलहा बनाने वाले उपकरण भी बरामद हुए हैं।
एसपी प्रदीप गुप्ता ने बृहस्पतिवार को सदर कोतवाली परिसर में इस मामले का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्राम बेलवा काजी में अपने घर के दूसरी मंजिल पर अवैध असलहा बनाने व बेचने का कार्य करता है। इसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर में छापा मारा। यहां से कैलाश साहनी निवासी बेलवां काजी, रामकृपाल निवासी बागापार टोल बरइठवां को गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि पुलिस की सक्रियता की वजह से मामलों का पर्दाफाश हो रहा है।
यह सामान हुआ बरामद
5 तमंचा, एक ड्रिल मशीन, 1 ग्राइंडर मशीन, एक लोहे की हथौड़ी, तमंचे में लगाने के लिए लकड़ी की मुठिया, एक लोहे का सेंटर पंच, एक छिन्नी लोहे की, लोहे की 8 स्प्रिन्ग जो तमंचे में प्रयोग की जाती है, 7 अदद रेती, पेचकश, पिलास, ट्रिगर, हैमर, रिपीटर, तमन्चे में प्रयोग की जाने वाली लोहे की पत्ती, लोहे की राड, रिंच, आरी हेक्सा ब्लेड, खाली मैगजीन, खोखा, दो अर्द्धनिर्मित तमंचे की बाड़ी, लोहे की नाल के अलावा अन्य सामग्री बरामद हुई है।
बेल्डिंग करता था रामकृपाल
इस अवैध कारोबार संलिप्त रामकृपाल असलहा बनाने में बेल्डिंग का काम करता था। इसके पास से टीम ने एक तमंचा, जिन्दा कारतूस, नाल लोहे की पट्टी वेल्ंिडग की हुई, सड़सी आदि बरामद की है।
आरोपित ने पुलिस को भी कसूरवार ठहराया
कोतवाली पुलिस ने असलहा बनाने वालों का गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ के बाद मामले का पर्दाफाश किया गया। गिरफ्तार आरोपितों ने इस अवैध कारोबार में पुलिस भी दामन दागदार बताया। मीडिया कर्मियों ने पूछताछ में आरोपित ने कोतवाली में तैनात के मुख्य आरक्षी को कसूरवार ठहराते हुए आरोप लगाया कि उन्हीं की सह पर सब कुछ हो रहा था। आरोपित ने ज्योहि यह कहना शुरू किया तो पुलिस ने उसे तेजी से वहां से हटा दिया। पुलिस के अनुसार आरोपित बेवजह की बात कर पुलिस की छवि को खराब बताने की कोशिश कर रहा था।