सातवें दिन आवागमन सामान्य, भारतीय ट्रकों को भेजा गया काठमांडू
महराजगंज। नेपाल में भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण सोनौली काठमांडू मार्ग पर एक सप्ताह से लगे वाहनों के आवागमन की स्थिति सामान्य हो गई है। बुधवार की रात नवलपरासी जिला पुलिस ने करीब दो सौ भारतीय ट्रकों को निकाल कर काठमांडू के लिए रवाना किया। इसी तरह वापसी के लिए खड़ी ट्रक को सोनौली सीमा पर भेजा गया। नवलपरासी (बर्दघाट सुस्ता के पूर्व) पूर्व-पश्चिम राजमार्ग, नवलपुर में गैंडाकोट 23 स्मारक के पास डायवर्जन बाढ़ से अवरुद्ध था, अब दोनों दिशाओं में संचालन शुरू हो गया है।
पिछले बृहस्पतिवार से अवरुद्ध राजमार्ग पर सात दिनों के बाद परिचालन फिर से शुरू हो गया है। पूर्व-पश्चिम राजमार्ग विस्तार के दौरान किए गए डायवर्जन के बाद राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया था। हाईवे को पूरी तरह से चालू करने के लगातार प्रयास के बाद भी भूस्खलन की वजह से दिक्कतें आ रही थी। बारिश रुकते ही नए डायवर्जन से दोतरफा ट्रैफिक शुरू हो गया।
जिला यातायात पुलिस कार्यालय नवलपरासी के सूचना अधिकारी पदम बडू ने बताया कि बुधवार रात से दोतरफा यातायात बहाल कर दी गई है। शनिवार को डायवर्सन का निर्माण किया गया था, लेकिन कीचड़ और दलदल के कारण वाहन पार नहीं हो सके। सोमवार से एकतरफा संचालन में आया है। गैंडाकोट में अन्य डायवर्जन की मरम्मत पहले ही की जा चुकी थी। हाईवे के पूरी तरह से चालू होते ही रुके हुए वाहन अपने-अपने गंतव्य की ओर निकलने लगे हैं। डायवर्जन के कारण दोतरफा वाहन की लाइन कम हो रही है। समय-समय पर वाहनों के खराब होने टूट जाने और लेन पार करने का प्रयास करने के कारण उस खंड में जाम की समस्या बनी रहती है।
तुरिया नदी पर बेली ब्रिज बनाने की तैयारी
पूर्व-पश्चिम राजमार्ग, जो पुल ढहने के बाद अवरुद्ध हो गया है, फिर से खुलने में एक सप्ताह का समय लगेगा। रोड डिवीजन कार्यालय बुटवल के प्रमुख जयलाल मरासिनी ने बताया कि रूपनदेही में घोड़ाहा खोला पुल और पश्चिम नवलपरासी में तुरिया खोला पुल के बह जाने के बाद अवरुद्ध सड़क को फिर से खोलने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्य सड़क पर पुल गिरने से करीब एक सप्ताह से यातायात पूरी तरह से प्रभावित है। देवदहा में घोड़ाहा पुल को मोड़कर तुरिया नदी पर बेली ब्रिज बनाने की तैयारी कर ली गई है। बेली ब्रिज को पूरा होने में कम से कम 10 दिन का समय लगेगा। 40 मीटर लंबे अस्थायी पुल (बेली ब्रिज) के निर्माण पर 30 लाख रुपये अधिक खर्च होगा।
बेली ब्रिज पर बड़े वाहनों के चलने पर मनाही
तुरिया नदी पर बने अस्थायी पुल (बेली ब्रिज) को भारी वाहनों के लिए बंद कर रहेगा। रोड डिवीजन कार्यालय के प्रमुख जसवाल मरासिनी ने कहा कि बेली ब्रिज पर टिपर और ट्रक सहित ओवरलोड वाहनों को नहीं चलने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुल पर यात्री बसें, मोटरसाइकिल, कार और अन्य छोटे वाहन एकतरफा चल सकेंगे।