परसामलिक। परसामलिक थाना क्षेत्र के एक गांव की 19 वर्षीय युवती बुधवार सुबह गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वह अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी थी। ऐसा नहीं करने पर कूदकर जान देने की धमकी दे रही थी। युवती के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, युवती का पास के ही गांव विषखोप टोला श्रीरामपुर के एक युवक से प्रेम प्रसंग था। परिजन की नामंजूरी के कारण युवक बाहर कमाने चला गया था। तीन दिन पहले प्रेमी के घर लौटने पर युवती उससे शादी की बात करने गई लेकिन युवक के परिजन ने उसे डांट-फटकार कर वापस भेज दिया।
इस बेरुखी से क्षुब्ध होकर युवती बुधवार की सुबह करीब आठ बजे गांव में लगे मोबाइल टावर के शिखर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। सूचना मिलते ही परसामलिक थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घंटों युवती से मान-मनौव्वल किया। काफी समझाने-बुझाने के बाद सुबह करीब 10 बजे युवती नीचे उतरी। इसके बाद सभी ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने इस आत्मघाती और जन-व्यवस्था को बाधित करने वाले कृत्य पर सख्त रुख अपनाया है। युवती को थाने ले जाया गया।
इस बाबत थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने बताया कि युवती के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया।