ठूठीबारी। क्षेत्र के रमजिता गांव से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता दो माह के मासूम विक्की का दूसरे दिन बुधवार को भी कोई सुराग नहीं मिल सका। बच्चे की तलाश में एसओजी, स्वाट, डॉग स्क्वायड समेत पुलिस की चार टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। बावजूद इसके मासूम का पता नहीं चलने से परिजनों की चिंताएं बढ़ती जा रही है।
ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा राजाबारी टोला रमजिता निवासी गोविंद राजभर सोमवार की रात अपनी पत्नी सुशीला ने और दो माह के बेटे विक्की के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब दो बजे पत्नी सुशीला ने बच्चे को दूध पिलाया बच्चे के सो जाने के बाद पति-पत्नी को गहरी नींद लग गई। मंगलवार की सुबह जब उनकी नींद खुली तो बिस्तर से बच्चा गायब था।
इस बाबत निचलौल क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अपहरण की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मासूम की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमों के साथ एसओजी, स्वाट और डॉग स्क्वायड को लगाया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बच्चे की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पीड़ित ने पुलिस पर लगाया गाली, धमकी देने का आरोप
लापता मासूम को ढूंढने के बजाय पीड़ित को ही पुलिस पर आरोप लगने लगे हैं। पीड़ित का आरोप है कि जांच टीम मासूम विक्की की मां को भद्दी-भद्दी गाली व पिता को एनकाउंटर करने की धमकी दे रही है। इसको लेकर पीड़ित पिता द्वारा सोशल मीडिया पर दिया गया बयान का वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में गोविंद राजभर कह रहा है कि मंगलवार की शाम चार बजे उसे ठूठीबारी थाने पर बुलाया गया। शाम से लेकर देर रात्रि उसे थाने पर बैठाया गया था। रात्रि के 11 बजे पुलिस अपने गाड़ी में बैठा कर रामनगर रोड के तरफ ले गई। पुलिस पिता पर ही शक कर रही है और सच नहीं बताने पर एनकाउंटर की धमकी दे रही है। पत्नी के चरित्र पर भी पुलिस सवाल खड़े कर रही है। इस मामले में महाराजगंज पुलिस ट्विटर हैंडल द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया है।
मासूम की मां रोते-रोते हो जा रही है बेसुध
रात की वह आखिरी मुलाकात मां के लिए कभी न भूलने वाली पीड़ा बन गई। जिस मासूम को उसने अपने सीने से लगाकर दूध पिला सुलाया था, मंगलवार की सुबह उसकी गोद से गायब था। दो माह के विक्की के अचानक लापता होने से मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर का कोना-कोना छान लिया लेकिन कलेजे के टुकड़े को कहीं पता नहीं चला। बेटे को न पाकर मां की रोते-रोते आंखें पथरा गई है।