महराजगंज के सरकारी कार्यालयों को संदिग्ध तत्वों से मुक्त करने और कार्यप्रणाली को पारदर्शी करने के उद्देश्य से सभी तहसीलों में विभिन्न कार्यालयों में औचक निरीक्षण कर जांच की गई। जांच के दौरान सब रजिस्ट्रार कार्यालय सदर और एआरटीओ कार्यालय महराजगंज में कुल चार-चार संदिग्ध से क्रमशः नगर चौकी और कोतवाली सदर में पूछताछ की गई और 01 संदिग्ध के विरुद्ध केस पंजीकृत कराया गया।
एसडीएम सदर रमेश कुमार ने बताया कि अपर एसडीएम शैलेंद्र गौतम के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की दो टीमों ने सब रजिस्ट्रार कार्यालय और एआरटीओ कार्यालय पर औचक छापा डाला। कार्रवाई के दौरान दोनों कार्यालयों से कुल 08 संदिग्ध लोगों से नगर चौकी और सदर कोतवाली में पूछताछ की गई।
पूछताछ के उपरांत चार लोगों को छोड़ दिया गया, जबकि एआरटीओ कार्यालय से पकड़े गए 4 लोगों के विरुद्ध जीडी इंट्री कराते हुए एक संदिग्ध सुजीत के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में केस सदर कोतवाली में पंजीकृत कराया गया है।
इसके अतिरिक्त एसडीएम फरेंदा द्वारा तहसील नौतनवा, एसडीएम निचलौल द्वारा तहसील सदर, एसडीएम नौतनवा द्वारा तहसील निचलौल और एसडीएम सदर द्वारा तहसील फरेंदा के विभिन्न न्यायालयों एवं पटलों का औचक निरीक्षण किया गया।