नौतनवा। नगर के बिस्मिल नगर वार्ड में एक घर आधी रात में भरभरा कर गिर गया। गनीमत रही कि इस घटना में परिवार के किसी सदस्य को चोट नहीं आई। वहीं गली में खड़ा एक ई-रिक्शा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक, नगर पालिका परिषद नौतनवा के बिस्मिल नगर वार्ड में संदीप प्रजापति का जर्जर घर बुधवार को पूरे दिन हुई वर्षा के कारण देर रात अचानक भराभरा कर गिर गया। घटना के दौरान घर के प्रथम तल पर परिवार के सदस्य सोए हुए थे, जिन्होंने घर से बाहर निकलकर किसी तरह अपनी जान बचाई। वहीं गली में खड़ा अशोक का ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तेज आवाज सुन आसपास के लोग बाहर निकले और राहत-बचाव में जुट गए। परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित देख लोगों ने राहत की सांस ली। नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। जांच कर पीड़ित परिवार को मदद मुहैया कराई जाएगी।