महराजगंज। सदर तहसील सभागार में बृहस्पतिवार को भूमि अध्याप्ति अधिकारी शैलेंद्र गौतम की अध्यक्षता में बैठक हुई। रेलवे एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ भूमि अधिग्रहण की प्रगति की समीक्षा की। मुआवजा वितरण में देरी न होने पर विशेष जोर दिया गया।
भूमि अध्याप्ति अधिकारी ने बताया कि नौ गांवों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया फिलहाल जारी है। इन गांवों में प्रभावित किसानों की पहचान, उनके खातों की स्थिति और गाटे (खेतों के खंड) के अनुसार खातेदारों की संख्या को सही-सही दर्ज करना अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिया कि तहसील स्तर पर संबंधित लेखपाल इस कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करें, ताकि किसानों की सूची जल्द से जल्द तैयार कर जारी की जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक खेत का गाटा नंबर, खातेदार का नाम और उसकी वैधता की जांच समयबद्ध तरीके से की जाए। तहसीलदार सदर को स्पष्ट निर्देश दिया कि यह कार्य लेखपाल स्तर से नियमित मॉनिटर किया जाए और प्रगति रिपोर्ट प्रतिदिन उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान तहसीलदार सदर पंकज कुमार शाही, नायब तहसीलदार सदर देश दीपक तिवारी, नायब तहसीलदार कतरारी घुघुली विवेक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।