संपत्ति विवाद का मामला, मेडिकल कॉलेज रेफर
खुद ही थाने जाकर आरोपी ने पुलिस को दी घटना की जानकारी
महराजगंज। नगर पंचायत पनियरा में एक ज्वेलर्स को शुक्रवार को अपराह्न तीन बजे दुकान में घुसकर उसके पोते ने चाकू से गले पर वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप घायल हो गया है। घायल ज्वेलर्स को पीएचसी लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। मामला संपत्ति विवाद का बताया जा रहा है।
नगर पंचायत पनियरा के वार्ड नंबर 11 निवासी शमीम अंसारी (65) शांतिनगर चौराहे पर ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार की दोपहर बाद करीब तीन बजे उसका नाती लतीफ अंसारी (21) दुकान पर ही शमीम अंसारी के पीछे जाकर चाकू से उनका गला रेतने लगा। अचानक हुए इस हमले के बचने के लिए शमीम ने चाकू पकड़ लिया, जिससे उसका हाथ भी कट गया। आरोपी खुद ही थाने चला गया और पुलिस को सूचना दी। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने चाकू बरामद कर घायल को पीएचसी पनियरा भेजा। डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल शमीम को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है और घायल को इलाज के लिए भिजवाकर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।