महराजगंज। अपनी मांगों को लेकर रसोइयों ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की। मांग पूरी न होने तक संघर्ष की चेतावनी दी।
अखिल भारतीय मध्याह्न भोजन रसोइया महासंघ के बैनर तले रसोइया ने धरना-प्रदर्शन किया। कहा कि हमारी समस्याओं पर न बेसिक शिक्षा विभाग ध्यान दे रहा है और न ही हमें किसी प्रकार की योजनाओं का लाभ ही दिया जा रहा है। ऐसे में हमारी आर्थिक स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजवंशी शर्मा ने कहा कि सभी रसोइया परिषदीय स्कूलों में मध्याह्न भोजन तैयार कर बच्चों को खिलाती हैं।
साथ ही विद्यालय की सफाई और बर्तन स्वच्छ रखने का कार्य भी करती हैं। बावजूद हमें नाममात्र का मानदेय दिया जाता है। मानदेय का भुगतान भी समय से नहीं किया जाता। इससे हमें आर्थिक रूप से परेशान रहना पड़ता है। हमारा मानदेय 10400 रुपये करने के साथ ही हमें राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। जिलाध्यक्ष बिंदू देवी ने कहा कि जबतक सरकार हमारी मांग नहीं पूर्ण करती तब तक हम समय-समय पर धरना प्रदर्शन करते हुए संघर्ष जारी रखेंगे।
संगठन महासचिव सरस्वती देवी ने कहा कि छात्र संख्या व पाल्य के आधार पर कार्यरत रसोइया को कार्यमुक्त न किया जाए। मंडल अध्यक्ष विजयलाल श्रीवास्तव ने सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की। इस अवसर पर जवाहिर कन्नौजिया, खुड़बुड़, रीता शर्मा, माला देवी, शीला भारती, दुर्गावती, सरिता देवी, नीलम, मनभावती, आरती मौजूद रहीं।