किशोरी मुक्त, दो आरोपियों को जेल
बृजमनगंज। थाना क्षेत्र एक गांव की रहने किशोरी को बीते दिनों एक युवक बहला फुसलाकर भगा ले गया था। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपित दो युवक को जेल भेज दिया। वहीं, किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज गया। यह जानकारी थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने दी।
नेपाल में चीन ने बिछाई रेल लाइन तो होगा आंदोलन : नरसिंह
नौतनवां। चीन पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में लुंबिनी तक रेलवे लाइन बिछाकर अपने सैनिकों को भारतीय सीमा तक पहुंचाने का जो कुकृत्य रच रहा है वह अपने मकसद में कभी भी कामयाब नहीं होने पाएगा। यदि चीन ने अपनी भारत विरोधी मानसिकता को समाप्त नहीं किया तो आने वाले समय में इसका अंजाम भी उसे भुगतना पड़ेगा। यह बात हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष नरसिंह पांडेय ने प्रेसवार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि नेपाल को भी भारत से मजबूत रोटी-बेटी के संबंधों का ध्यान रखते हुए चीन की इस कुनीतियों का विरोध करने की आवश्यकता है। चीन ने यदि रेलवे लाइन बिछाने का दुस्साहस किया तो हिंदू युवा वाहिनी इसका प्रबल विरोध करेगी।
लापता बच्चा मिला, पुलिस ने पिता को सौंपा
परतावल। श्यामदेउरवां निवासी मोहन का 6 वर्षीय पुत्र अर्जुन तीन दिन पहले अपने घर से बाहर खेलने के लिए निकला परंतु घर नहीं लौटा। काफी समय बीतने के बाद परिजन आस पास में पता लगाना शुरू किए लेकिन अर्जुन का कहीं पता नहीं चला। दो दिन बीत जाने के बाद श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के अंध्या गांव में बृहस्पतिवार की रात पुलिस ने बालक को बरामद किया। इंस्पेक्टर आनंद कुमार गुप्ता ने बालक को उसके पिता मोहन को बुलाकर सौंपने की पुष्टि की।
पर्यटक गाड़ियों को लौटा दिया गया
ठूठीबारी (महराजगंज)। सुरक्षा के मद्देनजर ठूठीबारी एसएसबी चेक पोस्ट से भारतीय पर्यटकों की गाड़ी को नेपाल जाने से रोक दिया गया। वहीं, पर्यटक वाहनों को सोनौली के रास्ते नेपाल जाने के लिए कहा गया। शुक्रवार को मध्यप्रदेश व गुजरात से आई पर्यटकों की गाड़ियों को ठूठीबारी भारत नेपाल सीमा मुख्य प्रवेश द्वार से बार्डर पर तैनात एसएसबी के जवानों द्वारा रोककर सोनौली से जाने की सलाह देकर लौटा दिया। बाकी अन्य सभी गाड़ियों को आने जाने दिया गया। बीओपी इंचार्ज कुलदीप कुमार ने बताया कि पर्यटक गाड़ियों के आने -जाने के लिए यह रूट मान्य नहीं है। अन्य लोगों को जाने दिया जा रहा है।
दुर्घटना में चालक घायल
परसा मलिक। नौतनवां थाना क्षेत्र के रतनपुर रोहिन नदी मे मिट्टी का बांध बनाते समय अनियंत्रित होकर एक ट्रैक्टर पलट गया। जिससे चालक सोनपिपरी निवासी नरेंद्र जायसवाल 22 घायल हो गया। लोगों ने घायल चालक को रतनपुर सीएचसी पर भर्ती कराया।
जिला बदर युवक को जेल
सोनौली। कोतवाली क्षेत्र के एक जिला बदर युवक को गिरफ्तार कर सोनौली पुलिस ने उसे शुक्रवार को गैर जनपद पुलिस को सौप दिया है। सोनौली के वार्ड नंबर 13 बिस्मिल्ल नगर निवासी अलीमुल्लाह उर्फ अरमान को कोतवाली पुलिस ने एसएसबी रोड पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए गिरफ्तार कर लिया। चौकी प्रभारी सोनौली स्वतंत्र कुमार सिंह ने अलीमुल्लाह को गिरफ्तार कर गोरखनाथ जनपद गोरखपुर पुलिस को सौंपने की पुष्टि की।