महराजगंज। थाना क्षेत्र में जहां-जहां भी सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा के दृष्टिकोण से लगे हैं, उनकी नियमित जांच होनी चाहिए। थाना क्षेत्र के हर ग्राम प्रधान से संपर्क कर उन्हें प्रेरित करें कि गांव के सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगवाएं जिससे अपराध पर अंकुश लगे। ये बातें पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने कही। सोमवार को वह श्यामदेउरवा थाने का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर पैनी नजर रखें।
लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे एसपी ने सर्वप्रथम धार्मिक स्थल, संवेदनशील बूथ, बैंक, एटीएम, गुंडा और बदमाशों के विषय में जानकारी प्राप्त की। कहा कि सार्वजनिक स्थलों, धर्म स्थलों, बैंक और एटीएम सेंटरों की नियमित निगरानी करें। आइजीआरएस कार्यालय, बंदीगृह, निरोधात्मक कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर देखने के बाद सक्रिय अपराधियों के बारे में जानकारी लेते हुए यह निर्देश दिया कि बिना न्यायालय के प्रपत्र के कोई भी अपराधी चाहे जितना भी ताकतवर क्यों न हो खुले में नहीं घूमना चाहिए। बीट आरक्षियों को अपने क्षेत्र में निरंतर भ्रमण कर संभ्रांत व्यक्तियों से तालमेल बिठा कर रखने का निर्देश दिया।