फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी। (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज जिले के फरेंदा कस्बे के एक मैरिज हॉल के करीब शुक्रवार देर रात फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी की गाड़ी पर हमला कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। उस वक्त विधायक गाड़ी में नहीं थे। वाहन क्षतिग्रस्त करने के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। हमले की जानकारी जैसे ही विधायक समर्थकों को हुई, वैसे ही काफी संख्या में समर्थक एवं कार्यकर्ता मौके पर पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस पार्टी के विधायक वीरेंद्र चौधरी शादी समारोह में शामिल होने मैरिज हॉल पहुंचे। कार्यक्रम में तमाम दलों के नेता शामिल होने आए थे। सड़क के किनारे सभी नेताओं की गाड़ियां खड़ी थीं। इस बीच फरेंदा विधायक की गाड़ी को कुछ लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया।
जानकारी होने पर तुंरत विधायक वीरेंद्र चौधरी वाहन के पास पहुंचे। उनके पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है। सीओ फरेंदा कोमल प्रसाद मिश्र ने कहा कि तहरीर नहीं मिली है, लेकिन कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।