महराजगंज। राजकीय माध्यमिक स्कूलों में संसाधन बढ़ाकर नामांकन बढ़ाने पर जोर है। इसके लिए 15 अप्रैल तक सीडीओ के निर्देश पर नामांकन बढ़ाने का अभियान चल रहा है, लेकिन राजकीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है जिसके कारण शिक्षा जैसे-तैसे दी जा रही है। राजकीय कन्या इंटर कालेज धनेवा में कुल 700 बेटियां नामांकित हैं, लेकिन तैनाती सिर्फ तीन शिक्षकों की है।
राजकीय कन्या इंटर कालेज धनेवा धनेई में 12 वीं तक शिक्षा का प्रबंध है। इसके लिए प्रवक्ता सहित सहायक अध्यापक मिलाकर कुल 28 पद सृजित हैं, लेकिन तैनाती की बात करें तो सिर्फ एक प्रवक्ता अंग्रेजी की अनामिका पांडेय की तैनाती है। इन्हीं के पास स्कूल प्रधानाचार्य का दायित्व भी है। इसके अलावा विज्ञान की सहायक शिक्षिका के रुप में मीनाक्षी व समाजिक विज्ञान की सहायक शिक्षिका प्रकाशिनी की तैनाती है। हिंदी, भूगोल, शिक्षा शास्त्र, समाजशास्त्र, भूगोल विषय के प्रवक्ता नहीं हैं। इसके अलावा कक्षा 6 से 9 तक हिंदी, अंग्रेजी, गणित, गृह विज्ञान, संस्कृत, कला, इतिहास जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं हैं। स्कूल प्रधानाचार्य का कहना है कि जितने शिक्षक हैं उसी में किसी तरह काम चल रहा है। कमी की जानकारी विभाग को है।
कोचिंग के सहारे पाठ्यक्रम
कला वर्ग से 11 वीं की छात्रा नीलम पटेल, अर्चना साहनी, मनोरमा का कहना है कि स्कूल में शिक्षक न होने के कारण पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए कोचिंग का सहारा लेना पड़ता है अथवा लाइब्रेरी से नोट्स बनाने पड़ते हैं। इससे असुविधा होती है।